जुबिन नौटियाल के राजनीतिक गलियारों में चर्चे, जानें- उत्तराखंड से बालीवुड का उनका सफर; इस गाने ने दिलाई पहचान

देहरादून, आनलाइन डेस्क। जुबिन नौटियाल… मनोरंजन जगत की वो आवाज जिसका हर कोई दिवाना है। पहाड़ की सादगी और सुकून को अपनी आवाज में लिए जुबिन (Jubin Nautiyal) वैसे तो हमेशा अपने गानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार उनकी चर्चा राजनीतिक गलियारों से शुरू हुई है। दरअसल उनके पिता राम शरण नौटियाल (Ramsharan Nautiyal) भाजपा के टिकट पर चकराता विधानसभा (Chakrata Vidhan Sabha Seat) से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। माना जा रहा था कि पिता को टिकट मिलने के बाद जुबिन भाजपा के स्टार प्रचारक बनेंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वह केवल पिता के लिए ही प्रचार करेंगे। आइये जानते हैं कैसे जुबिन ने उत्तराखंड के जौनसार क्षेत्र से बालीवुड तक का सफर तय किया और सबकी जुबां पर छा गए।

जुबिन नौटियाल(14 जून 1989) उत्तराखंड के जौनसार बावर क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके पिता रामशरण नौटियाल एक बिजनेसमैन हैं, जबकि उनकी मां नीना नौटियाल बिजनेस वुमेन हैं। जुबिन की स्कूलिंग देहरादून के सेंट जोसेफ और वेल्हम ब्वायज से हुई। वैसे तो जुबिन की गायिकी की शुरुआत स्कूल टाइम से ही हो गई थी। इसमें उनको उनके मां-पिता का पूरा साथ मिला और उन्होंने बालीवुड में एक अलग मुकाम हासिल किया।

jagran

बचपन में ही पहचान लिया था टैलेंट, सबको कर दिया था सिंगिंग का कायल

जुबिन नौटियाल ने अपने सिंगिंग के हुनर को बचपन में ही पहचान लिया था और इसी में आगे बढ़ने का फैसला लिया। उन्होंने स्कूल टाइम में ही गिटार और अन्य म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट प्ले करना शुरू कर दिया था। उनके सिंगिंग के इस हुनर के जौनसार के साथ ही देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के लोग भी कायल हो गए थे।

jagran

कभी सोनू निगम ने एंट्री को की थी न, आज बने स्टार

एक वक्त ऐसा था जब जुबिन नौटियाल को एक शो में एंट्री के लिए सोनू निगम की ना सुनने को मिली थी। वे अपने सिंगिंग के टैलेंट से सोनू का खुश नहीं कर पाए थे। ये शो था एक्स फैक्टर इंडिया। इसमें जुबिन को सोनू निगम का नेगेटिव रिस्पांस मिला। हालांकि, उनकी गायिकी ने श्रेया घोषाल और संजय लीला भंसाली को काफी इंप्रेस किया था और उन्हें शो में एंट्री मिल गई थी।

‘एक मुलाकात’ से शुरू हुआ सफर

जुबिन नौटियाल ने वैसे तो काफी हिट सान्ग दिए हैं, लेकिन जिस गाने से उनकी बालीवुड में एंट्री हुई वो गाना था ‘एक मुलाकात’। इस गाने ने न सिर्फ बालीवुड इंडस्ट्री में धूम मचाई, बल्कि जुबिन नौटियाल को लोगों का पसंदीदा भी बना दिया। यहीं से उनके एक के बाद एक हिट गाने देने का सफर शुरू हुआ।

jagran

बालीवुड में जौनसार के इकलौते गायक हैं जुबिन

जुबिन नौटियाल बालीवुड के सुपर स्टार सलमान खान और मशहुर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय समेत कई सिने स्टारों की फिल्म में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुके हैं। करीब दो लाख की आबादी वाले जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर निवासी जुबिन बालीवुड में इकलौते गायक हैं। उन्हें कई बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

jagran

एक के बाद एक दिए कई हिट गाने

जुबिन नौटियाल ने एक के बाद एक कर कई हिट गाने दिए। एक मुलाकात, तुम्ही आना…, किन्ना सोना…, चिट्ठी…, हमनवा मेरे…, मेरी आशिकी… जैसे 100 से ज्यादा गीतों को अपनी मखमली आवाज दे चुके देहरादून निवासी जुबिन नौटियाल आज देश और दुनिया में जाना-पहचाना नाम हैं। उनका सान्ग जैसे ही रिलीज होता है, तो उनके फैंस में होड़ मच जाती है उसे सुनने के लिए।

jagran

अब पिता के लिए करेंगे प्रचार

भाजपा ने चकराता विधानसभा सीट से जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल को चुनावी मैदान में उतारा हैं। जुबिन नौटियाल ने भी साफ किया है कि वे चुनाव के लिए अपने पिता का प्रचार करेंगे। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि वे भाजपा के लिए नहीं सिर्फ पिता के लिए प्रचार करेंगे।